बिलासपुर, 13 जुलाई 2026। वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की जयंती के उपलक्ष्य में 14 अगस्त को बिलासपुर में राठौर क्षत्रिय समाज का विशाल सामाजिक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र राठौर तथा राठौर क्षत्रिय समाज कल्याण समिति (ग्रामीण इकाई) के अध्यक्ष धनंजय सिंह राठौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह से मुलाकात कर उन्हें आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया।

भेंट के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वीर दुर्गादास राठौर के शौर्य, साहस और देशभक्ति को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने समाज द्वारा किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की प्रशंसा करते हुए महासम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं विधायक धर्मजीत सिंह ने राठौर समाज को अपना परिवार बताते हुए कहा कि वीर दुर्गादास राठौर का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष धनंजय सिंह राठौर ने बताया कि 14 अगस्त को भव्य बाइक रैली, विशाल सामाजिक महासम्मेलन तथा ऊर्जा पार्क स्थित सामाजिक भवन परिसर में सांसद निधि से स्वीकृत सभा हॉल का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा लोकेश राठौर द्वारा संचालित निखिलाश्रम में सांसद निधि से बनने वाले प्रस्तावित भवन का भी भूमिपूजन होगा।
प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र राठौर ने कहा कि महासम्मेलन, बाइक रैली और विकास कार्यों के भूमिपूजन जैसे कार्यक्रम समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने प्रदेशभर के समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में लोकेश राठौर, इंजीनियर नवनीत सिंह राठौर, राजकिशोर राठौर, राकेश राठौर, द्वारिका राठौर, मुकेश राठौर, अनिल राठौर, दारा सिंह राठौर, देवेंद्र राठौर, धर्मेंद्र राठौर सहित समाज के अनेक वरिष्ठ एवं युवा सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक


