रातभर में बिलासपुर में 110 मिमी और बोदरी में 118.5 मिमी वर्षा दर्ज
बिलासपुर। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दाब का क्षेत्र प्रबल होकर अवदाब में परिवर्तित हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा से होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से बिलासपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई लगातार बारिश के दौरान बिलासपुर में 110 मिमी तथा बोदरी में 118.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक मौसमी द्रोणिका मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, उत्तर ओडिशा और अवदाब के केंद्र तक लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर विस्तारित है। इसके अलावा 21 डिग्री उत्तर अक्षांश के आसपास 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विंड शियर जोन भी सक्रिय है। इन मौसमीय प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई है। बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों तथा इससे लगे अन्य संभागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया है।
इधर, प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
प्रधान संपादक


