Explore

Search

June 24, 2026 12:54 am

स्वच्छता अभियान के तहत सर्वेश्वरी समूह ने 300 नि:शुल्क झाड़ू वितरित किए

बिलासपुर। अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चलाए गए विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत बिलासपुर एवं आसपास के ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में स्थित मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और गिरजाघरों में 300 झाड़ुओं का नि:शुल्क वितरण किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।

समूह द्वारा संचालित 19 सूत्रीय जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और जनजागरूकता का संदेश दिया। साथ ही लोगों को समूह के सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी दी।

शाखा मंत्री उमेश नारायण मिश्रा के नेतृत्व में संचालित अभियान के दौरान कोनी, सेंदरी, तुरकाडीह, निरतू, घुटकु, रमतला, बिरकोना, बैमा नगोई, रानीगांव, रतनपुर सहित शहर के गोलबाजार, सरकण्डा, तिलक नगर, गोड़पारा, शनिचरी बाजार, मसानगंज, चांटीडीह, चिंगराजपारा, लिंगियाडीह, दयालबंद, बसंत विहार, राजकिशोर नगर, मोपका, जरहाभाठा, गंगा नगर, नेहरू नगर, सिंधी कॉलोनी, पारीजात कॉलोनी और विनोबा नगर क्षेत्रों के लगभग 150 धार्मिक स्थलों में झाड़ू वितरित किए गए।

उमेश नारायण मिश्रा ने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह प्रतिवर्ष समाज हित और जनकल्याण के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित करता है। इसी क्रम में झाड़ू वितरण अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि फरवरी माह में भी 300 झाड़ुओं का वितरण किया गया था। वर्तमान अभियान के साथ वर्ष 2026 में अब तक कुल 600 झाड़ुओं का नि:शुल्क वितरण किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि समूह का उद्देश्य स्वच्छ भारत अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूक करना है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजोपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

शाखा मंत्री ने बताया कि जुलाई माह में ग्रामीण क्षेत्र में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा 29 जुलाई को आश्रम परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS