बिलासपुर, 23 जून। बिलासपुर जिले के रतनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर एक साध्वी ने सार्वजनिक अपमान, दुर्व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर साध्वी पद्मनिपुरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच, दोषी पर कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, साध्वी पद्मनिपुरी ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप लगातार उनका पीछा कर रहे हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी रतनपुर थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचना पड़ा।
साध्वी ने अपनी शिकायत में 3 जून 2026 को फुलवारीपारा स्थित मथुरावासी हनुमान मंदिर आश्रम में हुई एक घटना का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, वह आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं और अन्य संत-महात्माओं के साथ भोजन कर रही थीं। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष वहां पहुंचे और उन्हें भोजन करने से रोकते हुए वहां से उठ जाने के लिए कहा।
साध्वी का आरोप है कि विरोध करने पर लवकुश कश्यप ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा अन्य संतों के सामने उनका हाथ पकड़कर जबरन वहां से हटाने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
साध्वी के मुताबिक, घटना के समय आश्रम के महंत सहित कई संत-महात्मा मौके पर मौजूद थे, जो मामले के प्रत्यक्षदर्शी हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


