Explore

Search

September 5, 2026 12:55 am

सेंट जेवियर स्कूल दुष्कर्म प्रकरण: कलेक्ट्रेट का घेराव, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और लंबे समय तक शोषण के मामले को लेकर मंगलवार को जनाक्रोश देखने को मिला। सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपी को कठोरतम दंड देने, घटना की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले अन्य जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई करने तथा स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की। ज्ञापन में संस्थान के संचालन पर भी कार्रवाई की मांग उठाई गई।

सर्वसेन समाज के प्रांत अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।

कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान जिले और संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता महेश दुबे, संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान बिलासपुर के प्रभारी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। बताया गया कि प्रभारी कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश बना हुआ है और प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS