Explore

Search

June 12, 2026 5:30 pm

धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस, ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

जगदलपुर,रायपुर, 12 जून। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने केशलूर के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज परियोजना के ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। विभाग ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 6 जून को बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने कार्य की सुस्त रफ्तार पर ठेकेदार और अधिकारियों को फटकार लगाई थी तथा अनुबंध के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी।

करीब 69.36 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज के संबंध में लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ने निर्माण एजेंसी मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि कार्यस्थल उपलब्ध होने के बावजूद पर्याप्त मैन-पॉवर, मशीनरी और सामग्री की व्यवस्था नहीं होने से निर्माण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाया है। परियोजना की प्रगति तय माइलस्टोन से काफी पीछे चल रही है।

विभाग ने यह भी कहा है कि कार्य में तेजी लाने के लिए पूर्व में कई बार निर्देश और नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने परियोजना की धीमी गति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अनुबंध के प्रावधानों के तहत तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

नोटिस में ठेकेदार को पर्याप्त संसाधन जुटाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य प्रगति में शीघ्र और उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS