Explore

Search

May 28, 2026 8:12 pm

हाईवे पर ट्रकों से डीजल लूटने वाला संगठित गिरोह गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ट्रकों को निशाना बनाने वाले 3 शातिर गिरफ्तार, स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर समेत लूट का माल बरामद

छत्तीसगढ़। बिलासपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी राशि और 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस के अनुसार थाना सिरगिट्टी एवं थाना कोनी क्षेत्र में लगातार ट्रकों से डीजल चोरी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही थीं। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर में एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व घटनाओं का विश्लेषण कर अलग-अलग स्थानों पर लगातार रेड कार्रवाई की।गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस सिंडिकेट की कमर तोड़ दी है।एसएसपी ने कहा कि जल्द इस गिरोह को जड़ से ख़त्म कर दिया जाएगा।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा निवासी संजय कुमार कुर्रे, मणीशंकर कुर्रे और अमित भारद्वाज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात के समय हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेमेतरा, बलौदा बाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्रों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

प्रकरण के अनुसार 18 मई 2026 को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने वाहन चालक के साथ मारपीट की। वहीं 24 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया था। इसके अलावा 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी होने का मामला भी सामने आया था।

पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कॉर्पियो वाहन, धारदार चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के पास से 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया है।

जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 और 119/2026 में भी पाई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS