Explore

Search

June 6, 2026 10:20 am

पुलिस का बड़ा खुलासा: खरसिया में किशोर की हत्या का मामला सुलझा, शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में गई जान

छत्तीसगढ़ 28 मई। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुरदा में मिले किशोर के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद के बाद किशोर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने किया मामले का खुलासा 

25 मई को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव सहित पुलिस टीम और एफएसएल दल मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई।

मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डनसेना उसे अपनी मोटरसाइकिल से काम कराने ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अगले दिन सुबह किशोर का शव खेत में बरगद पेड़ के नीचे मिला। शव पर चोट और खरोंच के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्या पाए जाने पर खरसिया थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ऋषि डनसेना से पूछताछ की। उसने बताया कि वह मृतक को अपने साथियों चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुनाथ उर्फ रघुसिंह राठिया और एक नाबालिग के पास छोड़कर काम पर चला गया था।

इसके बाद पुलिस ने तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सभी युवक खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने किशोर के साथ मारपीट की। पिटाई के दौरान वह खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा, जिससे गंभीर चोट लगने पर उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने शव को बरगद पेड़ के नीचे ले जाकर रख दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। बाद में उन्होंने मृतक के घर लौट जाने की झूठी जानकारी भी दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। मामले में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराएं बढ़ाई गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22) निवासी बरभौना, रघुनाथ उर्फ रघुसिंह राठिया (30) निवासी बेहरामुड़ा और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक संजय नाग सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS