Explore

Search

May 28, 2026 5:54 pm

कोरबा में संयुक्त वार्षिक एनसीसी शिविर सम्पन्न, ज्ञानदीप विद्यालय के कैडेट्स रहे अव्वल

जांजगीर, 28 मई 2026।छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा के तत्वावधान में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 10 मई से 19 मई 2026 तक सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा परिसर में किया गया। शिविर में कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सूरजपुर जिले के लगभग 600 कैडेट्स सहित एनसीसी अधिकारी एवं सैन्य अधिकारी शामिल हुए।

शिविर के कैंप कमांडेंट कर्नल सेंथिल कुमार एस ने प्रारंभिक उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक कैडेट को सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंप में बिताया गया समय जीवनभर यादगार रहता है।

ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर के एनसीसी द्वितीय अधिकारी माया तिवारी के नेतृत्व में विद्यालय के 50 कैडेट्स ने शिविर में भाग लिया। कैडेट्स ने कोरबा की भीषण गर्मी के बीच विभिन्न सैन्य गतिविधियों एवं प्रशिक्षणों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

शिविर के दौरान शस्त्र संचालन एवं मैप रीडिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स को पॉइंट 22 राइफल तथा 7.62 एम.ए. एस.एल.आर. की हैंडलिंग, खोलना एवं जोड़ना सिखाया गया। इसके साथ ही ड्रिल एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

ड्रिल प्रतियोगिता में कैडेट सार्जेंट मेजर धानी चौहान को बेस्ट कमांडर के लिए मेडल प्रदान किया गया। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में सार्जेंट मोहित मानिकपुरी ने प्रथम एवं कैडेट नंदनी सूर्यवंशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कैडेट्स ने रस्साकसी एवं थ्री लेग्स रेस में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेडल हासिल किए।

शिविर में फायर फाइटिंग, साइबर क्राइम, सेल्फ डिफेंस एवं ट्रैफिक कंट्रोल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी कैडेट्स को प्रदान की गईं। ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर के कैडेट सार्जेंट मेजर धानी चौहान एवं उनकी ट्रूप को बेस्ट ट्रूप ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सेंथिल कुमार एस एवं डिप्टी कमांडेंट कर्नल अमित यादव ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने पर सभी कैडेट्स को बधाई दी। शिविर के सफल संचालन में सूबेदार मेजर डूंगर सिंह सहित 1 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा के सैन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कटकवार एवं विद्यालय परिवार ने सभी कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS