Explore

Search

May 28, 2026 4:54 pm

छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे का होगा कायाकल्प, करोड़ों की नई परियोजनाओं को मिली मंजूरी

“मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक, नवा रायपुर में संयुक्त शासकीय भवन, नई ई-बसें और रायपुर में आधुनिक जल शोधन संयंत्र की तैयारी

रायपुर।छत्तीसगढ़ में शहरी अधोसंरचना और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों और नई अधोसंरचना परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई प्रस्तावों को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई।

बैठक में नवा रायपुर और रायपुर शहर के लिए कई बड़ी परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया, जिनके क्रियान्वयन से प्रशासनिक सुविधाओं, सार्वजनिक परिवहन और पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है।

नवा रायपुर स्थित महानदी भवन और इंद्रावती भवन की मल्टी लेवल पार्किंग के दूसरे एवं तीसरे तल पर आधुनिक कार्यालयों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 131 करोड़ 17 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त नवा रायपुर के सेक्टर-24 में एक विशाल संयुक्त शासकीय भवन निर्माण की योजना भी प्रस्तुत की गई, जिस पर लगभग 171 करोड़ 50 लाख रुपये व्यय होने का अनुमान है।

सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत 43 आधुनिक ई-बसों के संचालन का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। इस परियोजना में 40 बैटरी संचालित ई-बसें तथा 9 मोटर एसी ई-बसें शामिल होंगी। डिजाइन, सप्लाई, संचालन एवं संधारण सहित इस परियोजना की कुल लागत लगभग 223 करोड़ 4 लाख रुपये आंकी गई है। इन बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों और कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत रायपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 150 एमएलडी क्षमता के आधुनिक जल शोधन संयंत्र के निर्माण का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। इस परियोजना की अनुमानित लागत 186 करोड़ 14 लाख रुपये है। इसके माध्यम से शहरवासियों को बेहतर और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सूचना प्रौद्योगिकी तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, मुख्यमंत्री के सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव सुश्री आर. शंगीता तथा एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार उपस्थित थे। इसके अलावा वन एवं जलवायु परिवर्तन, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS