Explore

Search

July 21, 2026 10:01 pm

पुलिस की सख्त कार्रवाई: कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करने वाला चालक गिरफ्तार

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर कोनी पुलिस की कार्रवाई, आर्टिका वाहन जब्त

बिलासपुर। सोशल मीडिया और सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी के बढ़ते मामलों के बीच बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट करने वाले चालक को गिरफ्तार किया है। यह मामला थाना कोनी क्षेत्र का है, जहां एक आर्टिका कार चालक द्वारा सार्वजनिक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला सामने आया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी धर्मेंद्र सूर्यवंशी, निवासी सेंदरी ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई कि 24 मई 2026 की रात लगभग 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच मौहारपारा निरतू रतनपुर-रायपुर रोड पर एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। शिकायत में बताया गया कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठा रखा था और स्टंटबाजी करते हुए वाहन चला रहा था, जिससे युवती समेत सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की खतरनाक स्टंटबाजी से बचें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS