Explore

Search

June 6, 2026 10:10 am

जशपुर पुलिस की अभिनव पहल: 2500 स्वयंसेवक बने पुलिस मितान,सड़क सुरक्षा व सामाजिक जागरूकता में निभाएंगे भूमिका

सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर मिशन को मिलेगा बल,सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर रहेगा फोकस

जशपुर में सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर “पुलिस मितान” योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले की इस बहुउद्देशीय योजना की औपचारिक शुरुआत की।

योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से जुड़े लगभग 2500 स्वयंसेवकों को “पुलिस मितान” के रूप में जोड़ा गया है। चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र भी जारी किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस मितान, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर रहेगा फोकस

जशपुर पुलिस की यह पहल केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता अभियान के रूप में भी कार्य करेगी। पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार, यातायात नियमों, जनसहायता तथा सामाजिक दायित्वों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पुलिस मितान गांव-गांव जाकर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध भी जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।

सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर मिशन को मिलेगा बल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान केवल एक नाम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी स्वयंसेवक अब पुलिस के सहयोगी के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा, सामाजिक अपराध, सामाजिक बुराइयों और जनचेतना जैसे विषयों पर पुलिस मितानों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। साथ ही उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा समाजहित में समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

जनभागीदारी आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा

जशपुर पुलिस के अनुसार “पुलिस मितान” योजना के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा। इससे स्थानीय समस्याओं की जानकारी पुलिस तक शीघ्र पहुंच सकेगी तथा सामाजिक अपराधों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सामाजिक कुरीतियों को दूर करना तथा सभ्य, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी ट्रैफिक कुंजराम चौहान सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मितान, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS