बोले-प्रदेश में भय का माहौल, अपराधियों में कानून का खौफ खत्म
पीएम मोदी की विदेश यात्रा, पुलिस की कार्रवाई और युवाओं की नाराजगी पर भी साधा निशाना
छत्तीसगढ़ ।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर राज्य सरकार एवं प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भय और आतंक का माहौल बन चुका है तथा अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चोरी, डकैती, हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार और पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और आम लोगों में भारी आक्रोश है।
गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में भी सुरक्षित नहीं जनता
भूपेश बघेल ने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कवर्धा, जो प्रदेश के गृहमंत्री का क्षेत्र है, वहां आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। वहीं मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र कुनकुरी में थाने के भीतर महिला की आत्महत्या की घटना सामने आई।
उन्होंने कहा कि मरवाही में दिनदहाड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे साफ है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।भूपेश बघेल ने कहा कि जब गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में ही यह स्थिति है, तो बाकी प्रदेश का हाल समझा जा सकता है।
पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस बिना आधार के निर्दोष लोगों पर फर्जी प्रकरण दर्ज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना हथियार बरामद किए ही आर्म्स एक्ट की धाराएं लगा दी जाती हैं।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे पुलिस “सपने में हथियार देखती है और सुबह धाराएं लगा देती है।
भूपेश बघेल ने विश्रामपुर और शिवनंदनपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वहां खुले बाजार में घटनाएं हुईं, लेकिन न कोई हथियार चला और न ही मारपीट हुई। इसके बावजूद पुलिस ने गंभीर धाराएं लगा दीं, जो दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई को दर्शाता है।
पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर भी तंज
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा और इटली की प्रधानमंत्री से मुलाकात पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा मोदी जी विदेश गए मेलोनी से मिले और वहां मेलोडी हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रधानमंत्री जनता को डॉलर बचाने के लिए सोना कम खरीदने, खाद और तेल का कम उपयोग करने तथा विदेश यात्राएं सीमित करने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके करीबी उद्योगपति विदेशों में अरबों डॉलर का निवेश कर रहे हैं।
बघेल ने कहा कि आम जनता से बचत की अपील करना और दूसरी तरफ बड़े निवेश होना सरकार की कथनी और करनी में अंतर को दर्शाता है।
युवाओं में बढ़ रही नाराजगी का दावा

देश की राजनीतिक परिस्थितियों और सोशल मीडिया पर युवाओं की सक्रियता का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि नई पीढ़ी वर्तमान व्यवस्था से असंतुष्ट दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में किसी नई विचारधारा या ट्रेंड के साथ करोड़ों युवाओं का जुड़ जाना इस बात का संकेत है कि युवाओं के मन में सरकार की नीतियों को लेकर सवाल हैं।उन्होंने कहा कि चुनाव जीतना अलग बात है, लेकिन जनता का विश्वास जीतना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
प्रधान संपादक


