Explore

Search

July 23, 2026 11:54 am

सड़कें बदहाल,अंकित गौरहा ने कलेक्टर और निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन..

बेलतरा।अशोकनगर–बिरकोना मार्ग एवं सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार कार्य की मांग की है। ज्ञापन में जर्जर सड़क,उड़ती धूल, बारिश में कीचड़,दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका तथा निर्माण कार्यों में अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।

कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कहा कि अशोक नगर–बिरकोना मार्ग पिछले लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। गर्मी के दिनों में सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ती है,जिससे स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश के समय सड़क पर कीचड़ एवं जलभराव की स्थिति बनने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में क्षेत्र में किए जा रहे नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता की अनदेखी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

इसके अलावा सीपत चौक से राजकिशोर नगर मुख्य मार्ग पर सड़क खुदाई के बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया है। हाल के दिनों में कई सड़क हादसे होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। हाल ही में कई हादसे सीसीटीवी कैमरा में कैद हुए हैं जिसमें स्पष्ट है कि संबंधित विभागों की लापरवाही आम जनता की जान पर भारी पड़ रही है।

गौरहा ने प्रशासन से सड़क मरम्मत,धूल नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्यवाही प्रारंभ नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।

घटनास्थल पर स्थानीय निवासी अमित फडणवीस ने वहां पर रेडियम और बांस की व्यवस्था कर गड्ढे को चारों ओर से घेरा जिसके बाद घटना में कुछ कमी आई लेकिन जिला प्रशासन और विभाग अभी भी नदारत है।उन्होंने कहा कि जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को देखते हुए प्रशासन को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS