छत्तीसगढ़।बिलासपुर रेंज में महिला सुरक्षा, लंबित अपराधों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। आईपीएस राम गोपाल गर्ग ने साफ शब्दों में निर्देश दिए हैं कि एक वर्ष से अधिक पुराने सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण आगामी एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
13 मई 2026 को आयोजित रेंज स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आईजी श्री गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित आपराधिक मामलों, महिला संबंधी अपराधों और न्यायालयीन निर्देशों के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया।
हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन पर विशेष जोर
आईजी श्री गर्ग ने माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा Cr.M.P. No.-3112/2024 में जारी दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबित मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने गंभीर अपराधों लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म की समीक्षा कर शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर फोकस
बैठक में फरार आरोपियों की धरपकड़ को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। आईजी ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि लंबित मामलों का तेजी से निराकरण हो सके।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए आईजी श्री गर्ग ने ITSSO (Investigation Tracking System for Sexual Offence) के अंतर्गत लंबित मामलों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित महिला अपराध संबंधी मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए। साथ ही, 60 दिन की समय-सीमा के भीतर वाले मामलों में लगातार साक्ष्य संकलन कर समय रहते विवेचना पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश

बैठक में आईजी श्री गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के निराकरण में व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। पुलिस मुख्यालय की इस सख्ती के बाद बिलासपुर रेंज में अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
आयोजित समीक्षा मीटिंग में रजनेश सिंह उमनि. एवं वरि. पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर, शशि मोहन सिंह, उमनि. एवं वरि. पुलिस अधीक्षक, जिला रायगढ़, भोजराम पटेल, वरि. पुलिस अधीक्षक मुंगेली, सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा, मनोज खिलारी, पुलिस अधीक्षक, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही,प्रफुल्ल ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, जिला सक्ती, सुश्री निवेदिता पॉल, पुलिस अधीक्षक, जिला जॉजगीर-चाम्पा, श्रीमती निमीषा पाण्डेय, अति. पुलिस अधीक्षक, जिला सारंगढ़, उप पुलिस अधीक्षक, मंजूलता केरकेट्टा पु.म.नि. कार्या. बिलासपुर उपस्थित रहें।
प्रधान संपादक


