“एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि घर खाली छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें”
बिलासपुर। शहर में लगातार सुनसान मकानों में हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोना-चांदी सहित करीब 45.84 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया एसीसीयू एवं थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने, स्थानीय इनपुट और साइबर तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज काछी (उम्र 30 वर्ष) निवासी गौरेला जिला जीपीएम के रूप में हुई है, जो बिलासपुर में किराये के मकान में रहकर एसी, फ्रिज व अन्य उपकरण सुधारने का काम करता था। इसी बहाने वह कॉलोनियों में जाकर सुनसान मकानों की रेकी करता था।
चोरी का तरीका
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिन में कॉलोनियों में घूमकर खाली मकानों की पहचान करता था और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग मोटरसाइकिलों का उपयोग करता, मास्क-टोपी पहनता और घटना के बाद कपड़े बदल लेता था।
ऑनलाइन जुए की लत बना कारण
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा/जुए की लत का शिकार था। जुए में हार और कर्ज के चलते उसने चोरी करना शुरू किया। चोरी से मिले पैसों को बैंक खातों में जमा करता और सोने-चांदी को गिरवी रखकर रकम हासिल करता था।
कई मामलों का खुलासा
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर थाना सिविल लाइन क्षेत्र के वर्ष 2025-के कई चोरी के मामलों का खुलासा किया है। इनमें यमुना नगर, नंद विहार, गीतांजली पार्क, इंद्रसेन कॉलोनी, गुलमोहर पार्क सहित अन्य क्षेत्रों की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 252 ग्राम सोना 1 किलो 95 ग्राम चांदी स्कूटी एवं मोटरसाइकिल घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है जिसकी कीमत लगभग 45.84 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम को सम्मान
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसएसपी रजनेश सिंह ने पुरस्कृत करने की घोषणा की।
प्रधान संपादक


