Explore

Search

April 26, 2026 5:02 pm

मन की बात में छत्तीसगढ़ के प्रयासों का उल्लेख, काले हिरण संरक्षण पर राष्ट्रीय सराहना : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 26 अप्रैल 2026।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में छत्तीसगढ़ के काले हिरण संरक्षण प्रयासों का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की उपलब्धियों का निरंतर जिक्र छत्तीसगढ़ की पहचान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों के मनोबल को भी नई ऊंचाई देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के साथ “मन की बात” की 133वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आज देश के जनमानस को जोड़ने वाला एक प्रभावी माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए देशभर में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और जमीनी स्तर के उत्कृष्ट प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एक अभिभावक की तरह देशवासियों से संवाद करते हुए प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाते हैं और समाज के हर वर्ग को सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। इस संवाद से लोगों में सहभागिता की भावना मजबूत होती है और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक प्रयासों को नई दिशा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख राज्य के लिए विशेष सम्मान का विषय है। इससे पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति प्रदेश की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है और यह अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

उन्होंने आगे बताया कि बांस को पेड़ की श्रेणी से अलग कर विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने के बाद इसके उपयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे विशेषकर महिलाओं की आय में सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही, प्रधानमंत्री द्वारा पवन ऊर्जा की संभावनाओं पर दिए गए जोर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक अनूठी पहल करते हुए उपस्थित जनसमूह के साथ घर से लाए गए छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को साझा कर सामूहिक भोजन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास, अपनापन और एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS