
“एसएसपी रजनेश सिंह की स्पष्ट चेतावनी ,कोई भी चिन्हित अपराधी आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया तो अब केवल सामान्य कार्रवाई नहीं बल्कि संगठित अपराध के तहत उसकी अवैध संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी”
छत्तीसगढ़,25 अप्रैल 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग एवं रेड अभियान शुरू किया है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि अब अपराधियों के लिए किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

एसएसपी सिंह के कड़े निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे 250 आदतन अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जो पूर्व में अवैध हथियार, मारपीट एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। इन सभी आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस द्वारा पिछले एक वर्ष के अपराध रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण कर इनकी निगरानी और अधिक सख्त की गई है।

अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एवं अवैध हथियार रखने वाले 80 व्यक्तियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता बीएनएसएस के तहत कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। इसके साथ ही संगठित अपराध से जुड़े तत्वों जैसे खनिज, ड्रग, भू माफिया एवं शराब तस्करी गिरोह की पुनः समीक्षा कर उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी चिन्हित अपराधी भविष्य में आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ केवल सामान्य कार्रवाई नहीं बल्कि संगठित अपराध के तहत उसकी अवैध संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराधियों में कानून का भय कायम रहे।
प्रधान संपादक


