बिलासपुर।शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म धारण करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऑटो चालकों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना है, जिससे यात्रियों में विश्वास बढ़े और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
यातायात पुलिस द्वारा समस्त ऑटो चालकों को यूनिफॉर्म अपनाने के लिए सात दिनों का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि के भीतर अधिकांश चालकों ने यूनिफॉर्म सिलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि कई चालक यूनिफॉर्म पहनकर ऑटो संचालन भी प्रारंभ कर चुके हैं। इससे शहर में अनुशासित और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था का माहौल बनने लगा है।
अधिकारियों के अनुसार, यूनिफॉर्म धारण करने वाले चालक अन्य साथियों को भी इस दिशा में प्रेरित कर रहे हैं, जिससे अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। वहीं, सभी थाना, चौकी एवं यातायात बीट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कराएं और अधिक से अधिक चालकों को इसमें शामिल करें।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल यूनिफॉर्म पहने ऑटो चालकों का ही चयन करें और अन्य चालकों को भी ड्रेस कोड का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित यूनिफॉर्म और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने वाले चालकों को हतोत्साहित किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से ही शहर में सरल, सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है।
प्रधान संपादक


