Explore

Search

April 18, 2026 10:05 pm

सड़क निर्माण व पाइपलाइन कार्य में अव्यवस्था से नाराज़ नागरिकों का चक्काजाम प्रशासनिक हस्तक्षेप से टला मौके पर ही हुआ समाधान

बिलासपुर शहर के लाल खदान ओव्हर ब्रिज से पुराना पावर हाउस चौक तक सड़क निर्माण एवं पाइपलाइन बिछाने के समानांतर कार्यों से उत्पन्न अव्यवस्था को लेकर शनिवार को देवरी खुर्द मोड़ पर नागरिकों द्वारा सांकेतिक चक्का जाम की तैयारी की गई।

पिछले एक सप्ताह से लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण एवं नगर निगम बिलासपुर द्वारा जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य एक साथ दोनों ओर किए जाने से यातायात बाधित हो रहा था। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान उड़ती धूल और मिट्टी के गुबार से आसपास के व्यवसायियों एवं निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

नियमों के अनुरूप पानी का छिड़काव नहीं होने से स्थिति और खराब हो गई थी। इस संबंध में नागरिकों द्वारा पूर्व में एसडीएम बिलासपुर को लिखित शिकायत देते हुए चक्का जाम की चेतावनी दी गई थी।

शनिवार सुबह लगभग 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक देवरी खुर्द मोड़ पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए चक्का जाम की तैयारी करने लगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर तहसीलदार प्रकाश चंद्र साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने नागरिकों से शांतिपूर्वक चर्चा कर समाधान निकालने का आग्रह किया। मौके पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ, ठेकेदार के प्रतिनिधि, नगर निगम जल विभाग प्रभारी अनुपम तिवारी, तोरवा जोन आयुक्त मधुलिका सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद आंदोलनकारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच सड़क किनारे चर्चा हुई, जिसमें निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी प्रतिदिन सुबह 6 बजे से पानी का छिड़काव शुरू किया जाएगा और हर 2 घंटे में दोहराया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य एक समय में केवल एक ओर किया जाएगा, दूसरी ओर कार्य तब शुरू होगा जब पहली ओर का कार्य पूर्ण हो जाएगा।

नगर निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य मंगलवार तक पूर्ण किया जाएगा तथा कार्य के दौरान यातायात बाधित नहीं होने दिया जाएगा। निर्माण कार्य की पूरी जानकारी (एजेंसी, लागत, प्रारंभ व समाप्ति तिथि) सार्वजनिक सूचना बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।7 दिनों के भीतर एक ओर की सड़क का डामरीकरण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा।विभागीय अधिकारियों ने तहसीलदार एवं नगर पुलिस अधीक्षक के समक्ष आश्वस्त किया कि सभी सहमत बिंदुओं का पालन किया जाएगा।

    प्रशासन के आश्वासन के बाद नागरिकों का चक्का जाम निर्णय वापस

    इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय, पार्षद इब्राहिम खान, पूर्व पार्षद परदेशी राज, पार्षद प्रत्याशी ब्रम्हदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

    रवि शुक्ला
    रवि शुक्ला

    प्रधान संपादक

    Advertisement Carousel
    CRIME NEWS

    BILASPUR NEWS