Explore

Search

April 18, 2026 8:41 pm

एसएसपी की क्राइम मीटिंग में सख्त निर्देश-अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और ट्रैफिक सुधार पर फोकस

अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस,कम्युनिटी पुलिसिंग और बीट सिस्टम मजबूत करने के निर्देश,अभियानों की समीक्षा और बेहतर प्रदर्शन पर प्रोत्साहन

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा,कानून व्यवस्था सर्वोपरि, अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी”

रायगढ़, 18 अप्रैल। पुलिस कंट्रोल रूम में आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह की अध्यक्षता में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा शाखा प्रमुखों की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण लंबित प्रकरणों की प्रगति सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तीन माह से अधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 20 से अधिक लंबित मामलों वाले थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

लंबित मामलों और ऑनलाइन सिस्टम पर जोर

एसएसपी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के लंबित कार्यों, निर्माण कार्यों की प्रगति, ऑनलाइन पोर्टलों में एंट्री तथा न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने नेटग्रिड, ऑनलाइन लीगल सिस्टम और मेडिकल रिपोर्टिंग के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।

अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस

जुआ, सट्टा, अवैध शराब, कबाड़ तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। घरेलू एवं जमीन विवाद जैसे मामलों में त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ढाबों और होटलों में अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

कम्युनिटी पुलिसिंग और बीट सिस्टम मजबूत करने के निर्देश

कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए एसएसपी ने प्रत्येक माह दो बड़े जनजागरूकता अभियान चलाने और गांव-गांव चौपाल लगाने के निर्देश दिए। बीट प्रणाली को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा गया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या थाना प्रभारी स्वयं सुनें तथा “अनुभव फीडबैक” अनिवार्य रूप से लिया जाए।

ट्रैफिक सुधार और सड़क दुर्घटनाओं में कमी प्राथमिकता

बैठक में ट्रैफिक डीएसपी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर प्रेजेंटेशन दिया गया। जिले के 26 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि ट्रैफिक सुधार के माध्यम से मृत्यु दर में कमी लाना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसके लिए ब्रीथ एनालाइजर और सड़क इंजीनियरिंग उपायों को बढ़ावा दिया जाएगा।

अभियानों की समीक्षा और बेहतर प्रदर्शन पर प्रोत्साहन

ऑपरेशन आघात, प्रहार, अंकुश, तलाश और मुस्कान की समीक्षा के दौरान थाना चक्रधरनगर एवं कोतवाली के बेहतर प्रदर्शन पर संबंधित थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों में अनुशासन और कार्य गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS