Explore

Search

April 18, 2026 6:24 pm

ग्रामीण विकास को नई रफ्तार: 2426 किमी सड़क निर्माण का शिलान्यास

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के अंतर्गत 774 सड़कों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर 2225.44 करोड़ की लागत आएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जशपुर स्थित वशिष्ठ कम्यूनिटी हॉल के जीर्णोद्धार हेतु ₹80 लाख की राशि देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सड़कों का भूमिपूजन ग्रामीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के साथ शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो आज ग्रामीण भारत की जीवनरेखा बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में सड़क नेटवर्क के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम तथा रायपुर-जशपुर-धनबाद मार्गों का निर्माण जारी है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

सहकारिता क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि हाल ही में 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का शुभारंभ किया गया, जिससे प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 2573 हो गई है। इन समितियों के माध्यम से किसानों को खाद, बीज और ऋण की सुविधा सुलभ होगी। साथ ही राज्य सरकार द्वारा 3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,000 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आगामी जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सटीक आंकड़े ही विकास योजनाओं का आधार बनते हैं। उन्होंने बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत 757 करोड़ के बिल माफ किए जाने की जानकारी भी दी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 774 सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 1300 से अधिक सड़कों का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में भी तेजी से सड़क निर्माण हो रहा है।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग निहारिका बारीक ने बताया कि योजना के फेज-04 में 3065 सड़क विहीन बसाहटों का चिन्हांकन किया गया है। बैच-2 में 1000 बसाहटों के लिए 2684 किलोमीटर लंबाई की 975 सड़कों का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत 2902 किलोमीटर लंबाई की 807 सड़कों एवं 123 पुलों के निर्माण हेतु ₹2477 करोड़ की स्वीकृति मिली है, जिससे 871 बसाहटें लाभान्वित होंगी। अब तक 1735 किलोमीटर लंबाई की 356 सड़कें पूर्ण की जा चुकी हैं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अब तक राज्य में 47,847 किलोमीटर लंबाई की 10,119 सड़कों एवं 581 पुलों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनमें से 42,250 किलोमीटर लंबाई की 8713 सड़कें तथा 444 पुल पूर्ण किए जा चुके हैं।

जशपुर जिले में इस योजना के तहत 77 सड़कों (कुल लंबाई 197.26 किमी) का निर्माण ₹196.20 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इससे जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS