Explore

Search

September 5, 2026 5:32 pm

जशपुर में हेलमेट जागरूकता रैली, प्रशासन ने यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर

जशपुर, 18 अप्रैल 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा जशपुर शहर में व्यापक बाइक हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत ने किया। इस दौरान 70 से अधिक पुलिस व नगर सेना के अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।

रैली रक्षित केंद्र जशपुर से प्रारंभ होकर टिकिटगंज, बाघिमा, महाराज चौक, रणजीता स्टेडियम, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भागलपुर, दरबारी टोली, बाजार डांड और बस स्टैंड होते हुए पुनः रक्षित केंद्र में समाप्त हुई। रैली के माध्यम से “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें और परिवार को खुश रखें” का संदेश दिया गया।

रक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु का प्रमुख कारण हेलमेट न पहनना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनने से सिर की गंभीर चोटों से बचाव संभव है और समय पर इलाज मिलने से जान भी बचाई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कलेक्टर रोहित व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इन आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करना आवश्यक है ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नशे में वाहन चलाने, तेज गति और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिम्मेदार नागरिक बनते हुए यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने न दें।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस जवानों को सख्त निर्देश दिए कि वे स्वयं नियमों का पालन करते हुए आम नागरिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें। बिना हेलमेट या नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर एडीएम प्रदीप साहू, तहसीलदार महेश्वर उइके, डीएसपी यातायात कुंजराम चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर बाईं ओर चलें, यातायात संकेतों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, मोबाइल फोन का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS