बिलासपुर, 14 अप्रैल 2025।जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर बिलासपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आईएएस संजय अग्रवाल के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई है। कलेक्टर स्वयं इस अभियान की कमान संभालते हुए जिलेवासियों से सहभागिता की अपील कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि जिले के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हर मकान की गिनती और उसकी स्थिति का आकलन किया जाएगा, जिससे विकास योजनाओं की सटीक रूपरेखा तैयार की जा सके। कलेक्टर ने इसे “हमारी जनगणना, हमारा विकास” का अभियान बताते हुए कहा कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनगणना की गोपनीयता को लेकर भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित रहती हैं और किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती। इन आंकड़ों का उपयोग न तो टैक्स वसूली में होता है और न ही किसी जांच में।
जिले में इस अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं और स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें और सटीक जानकारी देकर बिलासपुर के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।कलेक्टर के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान जिले में जनभागीदारी का नया उदाहरण बनने की ओर अग्रसर है।
प्रधान संपादक


