Explore

Search

April 15, 2026 1:20 am

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल करेंगे 515 नई पैक्स समितियों का वर्चुअल शुभारंभ

सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था-मंत्री केदार कश्यप

रायपुर, 14 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का गठन किया गया है। इन समितियों का वर्चुअल शुभारंभ 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटलनगर से किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना के स्वागत उद्बोधन से होगी। इसके बाद मंत्री श्री कश्यप सहकारिता विस्तार की रूपरेखा और उसके लाभों पर प्रकाश डालेंगे।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पैक्स समितियों के गठन से किसानों को ऋण, खाद, बीज और अन्य कृषि सुविधाएं अब स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी। साथ ही, शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक उनका लाभ सुनिश्चित होगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि और गांवों के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने संबोधन में राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और सहकारिता आधारित विकास मॉडल को रेखांकित करेंगे। कार्यक्रम में सहकारी जनप्रतिनिधि, अपेक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के पदाधिकारी और सहकारिता विभाग के अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहकार से समृद्धि पहल के तहत राज्य में 515 नई पैक्स समितियों का गठन किया गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में बहुउद्देश्यीय पैक्स सोसायटी का पुनर्गठन किया गया है।इन 515 नई पैक्स के जुड़ने के बाद प्रदेश में कुल पैक्स समितियों की संख्या 2573 हो जाएगी, जो किसानों को बहुउद्देश्यीय सेवाएं प्रदान करेंगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS