Explore

Search

April 11, 2026 6:42 pm

नो-पार्किंग और नशे में ड्राइविंग पर एक्शन, बिलासपुर पुलिस ने अपनाई नई तकनीक,दिया गया एडवांस्ड ब्रीथ एनलाइजर पर अधिकारियों को प्रशिक्षण

बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा तकनीकी संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

शनिवार को चेतना भवन, पुलिस लाइन बिलासपुर में एडवांस्ड ब्रीथ एनलाइजर एल्कोमीटर मशीन के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस सहायता केंद्रों के प्रभारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार ब्रीथ एनलाइजर के माध्यम से वाहन चालकों के स्वास में अल्कोहल की मात्रा का वैज्ञानिक परीक्षण कर डिजिटल रूप में डेटा संकलित किया जाता है और उसे कानूनी कार्यवाही में उपयोग किया जाता है। साथ ही एडवांस वर्जन की मशीनों में बिना फूंक लिए केवल गंध के आधार पर भी शराब सेवन की पहचान संभव होने की जानकारी दी गई।

एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की मृत्यु दर अधिक पाई गई है, जिसमें तेज गति, लापरवाही एवं नशे में वाहन चलाना प्रमुख कारण हैं। इसे देखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यकतानुसार अन्य आपराधिक धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त आईटीएमएस, पीओएस मशीन, एम-परिवहन पोर्टल एवं सिटीजन सेंटिनल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन चालानी कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए भी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को डिजिटल प्रणाली के कुशल संचालन हेतु व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।

भारी वाहनों जैसे बस, ट्रक एवं ट्रेलर के चालकों द्वारा नशे में वाहन चलाने की घटनाओं को देखते हुए औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों को भी कार्यशाला में आमंत्रित किया गया। उन्हें अपने संस्थानों में ब्रीथ एनलाइजर मशीन अनिवार्य रूप से लगाने का सुझाव दिया गया।

वहीं, शहर में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस द्वारा व्हील लॉक का उपयोग कर सख्ती से कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह, डीएसपी शिवचरण परिहार, एनटीपीसी एवं एसईसीएल के अधिकारी, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के सदस्य सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS