Explore

Search

March 30, 2026 10:16 am

राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने विश्वभर में हिंदी की ज्योति फैलाई : कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा

राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा का 35वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न

वर्धा।महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. कुमुद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा ने देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समिति ने हिंदी की ज्योति विश्वभर में प्रज्वलित की है।

राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा का 35वां दीक्षांत समारोह रविवार को समिति परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. कुमुद शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य हिंदी के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सभ्यता को सशक्त करना रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन के समय से ही समिति ने हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान का आधार है और यह परंपरा, संस्कृति तथा सभ्यता की भाषा है।

कुलपति प्रो. शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि वैश्वीकरण के वर्तमान दौर में हिंदी का महत्व और अधिक बढ़ा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत भारतीय भाषाओं को प्रोत्साहन देने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे हिंदी सहित अन्य भाषाओं को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बताया कि विश्व की प्रमुख भाषाओं में हिंदी का स्थान लगातार सुदृढ़ हो रहा है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्धा में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की स्थापना में राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 1975 में नागपुर में आयोजित प्रथम विश्व हिंदी सम्मेलन समिति के नेतृत्व में संपन्न हुआ था, जिसमें हिंदी विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया था। इस दृष्टि से विश्वविद्यालय और समिति के बीच गहरा संबंध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सूर्य प्रसाद दीक्षित ने की। स्वागत भाषण समिति के प्रधानमंत्री डॉ. हेमचंद्र वैद्य ने दिया, जबकि महेश अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

समारोह की शुरुआत परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात सभा भवन में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। राष्ट्रभाषा महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को गरिमामय बनाया।

समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी, हिंदी प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समिति को दानदाताओं द्वारा आर्थिक सहयोग भी प्राप्त हुआ।

प्रो. डॉ. कुमुद शर्मा ने दीक्षार्थियों को दीक्षांत प्रतिज्ञा दिलाई तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS