“आयोजन की व्यवस्थाओं में लगे विभागों को दिए आवश्यक निर्देश, समय से पहले कर लें सभी इंतजाम,छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पर्यटन स्थलों से भी रू-ब-रू होंगे देशभर के खिलाड़ी व अधिकारी”

“खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव ने नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की, 30 राज्यों के 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी होंगे शामिल”
बिलासपुर, 16 मार्च 2026।खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय में आयोजित बैठक में उन्होंने आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री कुमार ने कहा कि खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स राष्ट्रीय महत्व के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा आयोजन है। इसलिए आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, पुख्ता और मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों में तेजी लाते हुए समय रहते तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही आयोजन के लिए चिन्हित सभी खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश भी दिए।

सचिव श्री कुमार ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, खेल मैदानों, विमानतल और रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में स्टॉफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को भी निर्देशित किया कि विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, पुरातत्व और पर्यटन स्थलों से परिचित कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएं।
बैठक में विभिन्न भाषाई राज्यों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए उन भाषाओं के जानकार अधिकारियों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर सहित रायपुर जिला प्रशासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास, अनुसूचित जनजाति विकास, परिवहन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन, जनसंपर्क और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। आकाशवाणी और दूरदर्शन के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। अंबिकापुर और जगदलपुर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगे नेशनल ट्राइबल गेम्स
छत्तीसगढ़ की मेजबानी में रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक नेशनल ट्राइबल गेम्स का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत सात खेलों में मुकाबले होंगे, जबकि कबड्डी और मलखंब को डेमो खेल के रूप में शामिल किया गया है।
रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं जगदलपुर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर में कुश्ती की स्पर्धाएं होंगी। डेमो खेलों में कबड्डी का आयोजन रायपुर में तथा मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर में किया जाएगा।

देश में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में 30 राज्यों से लगभग 2500 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों से परिचित कराने का अवसर भी मिलेगा।
प्रधान संपादक


