Explore

Search

April 15, 2026 2:46 pm

बदमाशों को अंतिम चेतावनी, होली से पहले पुलिस का कड़ा संदेश-अपराधों से तौबा कर ले बदमाश, अन्यथा पुलिस करेगी कठोर कार्रवाई

“एसएसपी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा पता कर लेना मेरे बारे मैं कौन हूँ,चिन्हित बदमाश अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें, आपराधिक गतिविधि में पुनः संलिप्त पाए जाने पर होगी कठोर कार्रवाई”

रायगढ़।होली पर्व से पहले कानून व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया है। 100 से अधिक निगरानी, गुंडा सूची में दर्ज और आदतन बदमाशों को पुलिस कार्यालय में तलब कर दो टूक शब्दों में चेतावनी दी अपराधों से तौबा कर लो अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहो।

होली के मद्देनजर बुलायी गई इस विशेष बैठक में अपराधियों को साफ संदेश दिया गया कि जिले में शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी श्री सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चिन्हित बदमाश अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में पुनः संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

होली के मद्देनजर पूर्व में सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी एवं आदतन अपराधियों को बुलाकर उन्हें अपराधों से दूरी बनाने के लिए समझाइश दी जाए। निर्देशों के पालन में संबंधित थानों में पहले स्तर पर बैठक आयोजित की गई, जिसके पश्चात चिन्हित व्यक्तियों को एसपी कार्यालय में उपस्थित कराया गया।

बैठक के दौरान एसएसपी ने नशे और बुरी संगत से दूर रहने, सकारात्मक कार्यों में संलग्न होने तथा जीवन की नई शुरुआत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे व्यक्तियों को सुधार का अवसर दे रही है, जिसका लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

एसएसपी ने आश्वस्त किया कि जो व्यक्ति नशा मुक्ति चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। रोजगार की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को जिला प्रशासन से समन्वय कर उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने में भी सहायता दी जाएगी।

बैठक के दौरान कुछ व्यक्तियों ने यह भी जानकारी दी कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इस पर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसएसपी श्री सिंह ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि, गुंडागर्दी, छेड़खानी अथवा अन्य आपराधिक कृत्यों में संलिप्त न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई कर न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह सहित थाना कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पूंजीपथरा, खरसिया एवं पुसौर के थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS