Explore

Search

February 27, 2026 1:19 am

होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की सख्त पहल

दुर्ग भिलाई, 26 फरवरी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में एसएसपी अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर नागरिकों को आवश्यक समझाइश दी जाए। पूर्व में होली के दौरान हुई घटनाओं की समीक्षा कर चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर फिक्स पिकेट स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पैदल पेट्रोलिंग एवं बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी अग्रवाल ने दोपहिया वाहन में तीन सवारी, स्टंटबाजी, सार्वजनिक मार्गों पर हुड़दंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के गुण्डा, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

उन्होंने लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू ममता देवांगन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS