Explore

Search

February 13, 2026 3:00 pm

तोरवा पुलिस ने 10 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 10 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सीएसपी कोतवाली आईपीएस गगन कुमार से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चैरसिया उम्र 28 वर्ष निवासी मझबलिया थाना मझबलिया जिला बेतिया बिहार के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों एवं बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले मार्गों पर अवैध नशा तस्करी पर निगरानी बढ़ाई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं सीएसपी कोतवाली आईपीएस गगन कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी तोरवा निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में एसीसीयू टीम द्वारा संदिग्धों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।

इसी क्रम में दिनांक 11 फरवरी 2026 को रेलवे स्टेशन से लगे बुधवारी बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में भारी थैला लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी टालमटोल जवाब देने लगा और मौके से भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर थैले की तलाशी लेने पर खाकी टेप में लिपटे दो बंडलों में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 10 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गांजा को संबलपुर ओडिशा से लाकर अन्य राज्यों में सप्लाई करने की जानकारी दी है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। तोरवा पुलिस एवं एसीसीयू टीम की यह संयुक्त कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS