
वित्तीय संस्थाओं को सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता , एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
छत्तीसगढ़ 7 फरवरी। रायगढ़ जिले में बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में औचक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में आयोजित किया गया।इस दौरान एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि
अभियान के तहत सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना एवं चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ बैंकों का भ्रमण किया।

जांच के दौरान अलार्म सिस्टम की उपलब्धता एवं कार्यशीलता बैंक गार्ड की तैनाती आर्म्स गार्ड के शस्त्र कारतूस व लाइसेंस की वैधता चेस्ट एवं लॉकर व्यवस्था नकदी के आवागमन के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा उपाय, बैंक परिसर की पार्किंग व्यवस्था गेट व दरवाजों की सुरक्षा स्थिति सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और कवरेज अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा आपातकालीन संपर्क नंबरों की स्थिति की विस्तृत पड़ताल की गई।

इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि बैंक प्रबंधकों के पास संबंधित थाना प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर उपलब्ध हों। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों से चर्चा कर आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए।

अभियान के दौरान बैंक परिसरों के आसपास स्थित ठेले और दुकानों के संचालकों से भी संवाद किया गया तथा उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 अथवा संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए जागरूक किया गया।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि समय-समय पर बैंकों एवं एटीएम की जांच, बैंक प्रबंधन के साथ समन्वय और नियमित सुरक्षा ऑडिट के माध्यम से जिले की वित्तीय संस्थाओं को सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्था को और मजबूत किया जाता रहेगा।
प्रधान संपादक


