Explore

Search

February 20, 2026 8:06 am

प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अहम

रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित समस्त कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रायपुर प्रेस क्लब का इतिहास समृद्ध और गौरवशाली रहा है। यह देश के पुराने एवं प्रतिष्ठित प्रेस क्लबों में से एक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी प्रेस क्लब की गरिमा और प्रतिष्ठा को और सशक्त बनाएँगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं। पत्रकार समाज के कमजोर, गरीब और वंचित वर्ग की आवाज को निर्भीकता से उठाते हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार की सुदृढ़ रणनीति और सुरक्षा बलों के साहस के कारण बीते दो वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्णतः खात्मा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पत्रकार कई बार कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। महिला पत्रकार भी पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सदैव चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और अधिकारों की पक्षधर रही है। पिछले बजट में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पत्रकारों के अध्ययन एवं भ्रमण कार्यक्रमों में महिला पत्रकारों की भी सहभागिता रही है, जिनके अनुभव सकारात्मक और प्रेरणादायक रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने फेक न्यूज़ के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिस पर पत्रकार समुदाय को सकारात्मक पहल करनी होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज के अभिन्न अंग हैं। पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दे शासन-प्रशासन को समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने में सहायता करते हैं। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बसंत वीर उपाध्याय की पुस्तक आईएएस की तैयारी और श्रीरामचरितमानस का विमोचन भी किया गया।

समारोह में विधायक पुरंदर मिश्रा मोतीलाल साहू रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार कृष्णा दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS