Explore

Search

February 11, 2026 2:48 am

प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

बिलासपुर। शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। अब न केवल ऐसे उपकरण लगाकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है, बल्कि इनके विक्रय और संग्रहण पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को शहर के सभी ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं की एक बड़ी बैठक आयोजित कर उन्हें स्पष्ट निर्देश और चेतावनी दी गई।


यातायात थाने में आयोजित बैठक में एएसपी रामगोपाल करियारे ने ऑटो पार्ट्स संचालकों से दो टूक कहा कि वे प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर का विक्रय और भंडारण तत्काल प्रभाव से बंद करें। उन्होंने बताया कि इस तरह के उपकरण मोटरयान अधिनियम के तहत प्रतिबंधित हैं और इनके उपयोग से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि आम नागरिकों, मरीजों और विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी होती है। तेज आवाज वाले हॉर्न और साइलेंसर से सड़क पर अचानक घबराहट की स्थिति बनती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है। यातायात पुलिस ने ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे प्रतिबंधित सामग्री बेचने के बजाय आइएसआइ मार्क युक्त उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट का विक्रय करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट सड़क सुरक्षा का अहम हिस्सा है और दुर्घटना की स्थिति में यह वाहन चालकों के जीवन की रक्षा करता है। यदि किसी दुकान या गोदाम में प्रतिबंधित सामान पाया गया, तो संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण पर भी सख्त रुख
बैठक में अतिक्रमण के मुद्दे पर भी विशेष जोर दिया गया। यातायात पुलिस ने ऑटो पार्ट्स दुकानों और गैरेज संचालकों को चेताया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। सार्वजनिक सड़कों पर सामान फैलाकर व्यापार करने, वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने या मुख्य मार्गों को बाधित करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा दुकानों और गैरेजों के बाहर लगाए गए बड़े-बड़े बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स और विज्ञापन होर्डिंग्स, जो यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS