Explore

Search

March 6, 2026 1:02 am

आनलाइन शॉपिंग साइट के गोदामों में पुलिस का छापा, धारदार हथियार जब्त

बिलासपुर। जिले में आनलाइन शॉपिंग साइट के माध्यम से धारदार हथियारों की बिक्री और डिलीवरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आनलाइन शॉपिंग साइट के गोदामों और बड़े रिटेल स्टोर्स पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा और चकरभाठा थाना क्षेत्र में स्थित वेयरहाउस से बड़ी संख्या में धारदार चाकू जब्त किए गए हैं।


पुलिस की इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसपी पंकज पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि आनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए धारदार हथियारों की खुलेआम बिक्री की जा रही है और इन्हें घर-घर डिलीवर भी किया जा रहा है। यह स्थिति कानून-व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बुधवार को तय रणनीति के तहत पुलिस टीमों ने एक साथ विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। जांच के दौरान कुछ वेयरहाउस में बड़ी मात्रा में धारदार चाकू और अन्य नुकीले औजार पाए गए। पुलिस ने मौके पर ही इन्हें जब्त कर लिया। इसके बाद गोदामों के प्रबंधकों और संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस ने सभी प्रबंधकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी है कि आनलाइन आर्डर के माध्यम से किसी भी प्रकार के धारदार हथियार या प्रतिबंधित वस्तुओं की डिलीवरी कानूनन अपराध है। एसएसपी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रबंधकों को भविष्य में ऐसी सामग्री की बिक्री या आपूर्ति पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी आनलाइन प्लेटफॉर्म या वेयरहाउस के माध्यम से अपराध में इस्तेमाल होने योग्य हथियारों की सप्लाई सामने आती है, तो संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS