Explore

Search

January 5, 2026 9:17 am

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से की सौजन्य भेंट

प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सम्मान का विषय – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर छत्तीसगढ़ ।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा खेलों के विकास हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना राज्य के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। यह आयोजन राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति एवं खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी सहित कुल 7 प्रमुख खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जबकि 2 खेल डेमो इवेंट के रूप में शामिल किए जाएंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी एवं वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री को उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने आयोजन की तैयारियों में केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ खेल के क्षेत्र में एक सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। साथ ही, खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण अवसरों के विस्तार एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में खेल मंत्रालय के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने देश में लागू ऐतिहासिक लेबर कोड के लिए भी केंद्रीय मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा कवरेज तथा श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता और सरलता को नई दिशा मिली है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS