Explore

Search

November 19, 2025 3:43 pm

हिंदी विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को नमन

वर्धा।महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। बिरसा मुंडा छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र गादेवार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र कल्याण अधीष्ठाता प्रो. अवधेश कुमार ने की। उनके साथ कुलानुशासक डॉ. राकेश मिश्र तथा मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. जयंत उपाध्याय मंचासीन थे।

कार्यक्रम की शुरुआत बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर डॉ. सुरेन्द्र गादेवार ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा हेतु अद्वितीय संघर्ष किया था। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से ऐसे जननायक के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रो. अवधेश कुमार ने बिरसा मुंडा के जीवन मूल्यों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि बिरसा मुंडा के वास्तविक योगदान को अकादमिक पाठ्यक्रमों में स्थान मिलना चाहिए। वहीं डॉ. जयंत उपाध्याय ने जनजातीय लोकगीतों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में ‘आदिवासी धारा’ पत्रिका के बिरसा की विरासत विशेषांक का लोकार्पण भी किया गया। मुख्य संपादक राहुल कुमार और अभय कुमार ने विद्यार्थियों से पत्रिका हेतु लेख भेजने का अनुरोध किया। संपादकीय सलाहकार डॉ. सुनील कुमार ने विशेषांक में प्रकाशित विविध आलेखों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण छात्रावास अधीक्षक डॉ. प्रमोद जोशी ने दिया और डॉ. हेमचंद्र ससाने ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन शोधार्थी नीरज छिलवार ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यापक, कर्मचारी तथा विभिन्न छात्रावासों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS