Explore

Search

November 13, 2025 11:13 am

पुलिस हिरासत में चोरी के आरोपी की मौत, परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप – थाने में बढ़ाई गई सुरक्षा

बलरामपुर छत्तीसगढ़ ।कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान चोरी के आरोपी की मौत से हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर पिटाई का गंभीर आरोप लगाया है वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ने से उसकी मौत हुई। घटना के बाद थाने और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान उमेश सिंह के रूप में हुई है जो सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नकना का निवासी था। बताया जा रहा है कि उमेश सिकलसेल बीमारी से पीड़ित था और उसे कई बार ब्लड चढ़ाया जा चुका था। पुलिस ने उसे हाल ही में बलरामपुर में 30-31 अक्टूबर की रात हुई ज्वेलरी चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।

चोरी के मामले में कई गिरफ्तारियां

इस बड़ी चोरी की जांच के लिए एसपी वैभव बैंकर ने एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की थी। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शिव कुमार लांजा राम  सूरज सिंह वेद सिंह और सूर्या गिरी को सीतापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें उमेश सिंह भी शामिल था।

रास्ते में बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार उमेश सिंह को चोरी के जेवर बरामद करने के लिए सीतापुर ले जाया गया था। वापसी के दौरान सुबह करीब 4 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां सुबह 4.20 बजे भर्ती किया गया लेकिन 4.45 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप -पूछताछ में की गई पिटाई

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान उमेश की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और बाद में मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बढ़ाई गई सुरक्षा, भीड़ जुटने की आशंका

घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल और थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी इसी थाने में एक स्वास्थ्यकर्मी की हिरासत में मौत के बाद लोगों ने थाने पर हमला कर दिया था। उस घटना के बाद से प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

अन्य जिलों में भी सक्रिय था गिरोह

जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह 22 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में हुई ज्वेलरी चोरी में भी शामिल था। पुलिस ने अब तक गिरोह के अधिकांश सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगी हुई है।

प्रशासन ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। तब तक मामले की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS