Explore

Search

October 15, 2025 11:30 pm

छत के रास्ते घुसे चोर, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल किया पार

बिलासपुर। रतनपुर के करैहापारा में चोरों ने छत के रास्ते घुसकर किसान के घर से सोने-चांदी के जेवर और बैंक के दस्तावेज ले गए। साथ ही कमरे में रखे मोबाइल भी चोरों ने पार कर दिया। किसान ने इसकी शिकायत रतनपुर थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


रतनपुर के करैहापारा में रहने वाले रामअवतार सूर्यवंशी किसान हैं। गुरुवार की रात वे अपने बेटे राकेश और परिवार के लोगों के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब पांच बजे उनकी नींद खुली तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। कमरे से एक पेटी भी गायब थी। पेटी में सोने की माला, टाप्स, चांदी की पायल, चांदी की माला, सोने की नथनी, फुल्ली, बिछिया थे। इसके अलावा उनकी बेटी के शैक्षणिक दस्तावेज, बैंक पासबुक, एफडी की रसीद, एटीएम भी थे। चोरों ने कमरे में रखे दो माेबाइल भी पार कर दिए थे। उन्होंने  परिवार के अन्य लोगों को जगाकर इसकी जानकारी दी। इसके बाद जब वे छत पर पहुंचे तो खाली पेटी वहीं पर मिल गई। किसान ने बताया कि छत के रास्ते घुसे चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। किसान की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेहियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पेटी का ताला तोड़ने प्लास लेकर आए थे साथ
पीड़ित किसान ने बताया कि चोर गिरोह के लोग छत के रास्ते उनके घर में घुसे थे। चोर अपने साथ हथियार भी लेकर आए थे। पेटी को छत में लेकर उसका ताला प्लास से तोड़ा। भागते समय चोर पेटी को छत पर ही छोड़ गए। इस दौरान वे अपने साथ लाए प्लास को भी छत पर ही भूल गए। पुलिस की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया है। अब आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेहियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS