Explore

Search

September 7, 2026 8:04 am

तेज रफ्तार स्कार्पियो ने मवेशियों को मारी टक्कर, 30 फीट तक घसीटता रहा गाय को, एक की मौत, दो गंभीर घायल

बिलासपुर। रतनपुर स्थित सिद्धी विनायक मंदिर के सामने मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कार्पियो के ड्राइवर ने सड़क पर बैठे मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक गाय वाहन के अगले हिस्से में फंस गई और चालक उसे करीब 30 फीट तक घसीटता रहा। घटना को देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और स्कार्पियो के सामने आकर उसे रोक लिया। इसके बाद ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर के सिद्धी विनायक मंदिर के पास सड़क पर कुछ मवेशी बैठे थे। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक गाय वाहन में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की और लगभग 30 फीट तक गाय को घसीटता रहा। रास्ते में मौजूद कुछ लोगों ने वाहन को रुकवाया। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर थाने ले गई। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल मवेशियों का इलाज कराया जा रहा है। ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और पशु क्रूरता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मवेशी मालिक की तलाश में पुलिस
मवेशियों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ना रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में आम समस्या बन चुका है। प्रशासन और पुलिस लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई कर रही है। इसके बाद भी हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। मंगलवार शाम हुए इस हादसे में एक मवेशी की मौत और दो के घायल होने के बाद पुलिस ने मवेशी मालिक का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मवेशी मालिक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS