Explore

Search

March 4, 2026 10:14 am

वीडियो: आरक्षक की कार को मारी टक्कर, फिर साथियों को बुलाकर कर दी पिटाई

बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के कश्यप कालोनी में मंगलवार शाम स्कूटी सवार युवक ने आरक्षक की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मामला इतना बढ़ा कि स्कूटी सवार ने अपने साथियों को बुलाकर आरक्षक पर हमला कर दिया। मारपीट में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर ने बताया कि कश्यप कालोनी निवासी दिलीप सिंह आरक्षक हैं। उनकी पोस्टिंग एसपी कार्यालय में है। मंगलवार की शाम करीब छह बजे वे अपने परिजन को बाजार लेकर जाने के लिए कार में बैठे थे। तभी पीछे से आए स्कूटी सवार हिमांशु वर्मा ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। आरक्षक ने युवक को सावधानी से स्कूटी चलाने की समझाइश दी। इस पर हिमांशु ने उल्टा आरक्षक से बहस शुरू कर दी। बात बढ़ी तो वह हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद हिमांशु ने अपने मोबाइल से कॉल कर दोस्तों आयुष वर्मा और धीरज प्रजापति को बुला लिया। तीनों ने मिलकर आरक्षक की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक युवक ने आरक्षक के सिर पर रॉड से वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो हमलावर युवक वहां से भाग निकले। घायल अवस्था में आरक्षक किसी तरह कोतवाली थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद आरक्षक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इधर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS