Explore

Search

August 9, 2025 1:57 am

ससुर ने दामाद को जान से मारने की कोशिश की, तबली से गर्दन पर किया वार

बिलासपुर। दामाद के घर आए ससुर ने मामूली बात को लेकर विवाद किया। इसके बाद उसने अपने ही दामाद के गले में धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल दामाद को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसकी शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। केस डायरी जांच के लिए तखतपुर थाना भेजा जाएगा।


अपने ससुराल पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला किया गया। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुआ का है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही दामाद को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और तबली से गर्दन के पीछे वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद बिलासपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में पीड़ित के छोटे भाई ने सिविल लाइन थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई है।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामकिशोर रजक, निवासी ग्राम कुंआ हाल मुकाम आनंद नगर उस्लापुर, अपने भाई कौशल रजक के साथ छह अगस्त को अपने गांव में दादी की बरसी में शामिल होने गया था। इसी दौरान शाम करीब सात बजे कौशल रजक के घर पर उसका ससुर  मनोज रजक उर्फ बिहारी आया। यहां पर उसने भोजन के बाद अपनी सास को बुलाने की बात को लेकर दामाद से गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान वह अपनी पत्नी और दामाद को बार-बार जान से मारने की धमकी देता रहा। शाम होते-होते विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज रजक ने अपने घर से तबली लाकर शिव मंदिर के सामने यादव पारा में कौशल रजक पर गर्दन के पीछे जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि कौशल वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद किशन रजक और अमित रजक ने बीच-बचाव किया और घायल कौशल को तत्काल इलाज के लिए तखतपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज नहीं मिल सका। बाद में उसे सिविल लाइन क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के भाई रामकिशोर रजक ने सिविल लाइन थाना में ससुर मनोज रजक के खिलाफ जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत पर पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज कर लिया है। इसे जांच के लिए तखतपुर थाना भेजा जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

CRIME NEWS

BILASPUR NEWS