Explore

Search

February 15, 2026 4:14 am

पति की दूसरी शादी कराने वाली महिला गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने न केवल धोखाधड़ी से अपने पति की दूसरी शादी कराई, बल्कि बाद में पीड़िता से छह लाख रुपये लेकर फरार हो गई। पुलिस ने पूरे मामले में पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि शिवरीनारायण क्षेत्र की रहने वाली दमयंती नाम की युवती ने जुलाई 2024 में अपनी शादी के लिए सकरी क्षेत्र में मैरिज ब्यूरो चलाने वाली चित्रा चौधरी से संपर्क किया था। चित्रा ने दमयंती को योग्य वर के रूप में अपने ही पति संजय चौधरी की फोटो और जानकारी दी। चित्रा की बातों में आकर दमयंती ने संजय से शादी के लिए हामी भर दी। इसके बाद चित्रा ने धार्मिक रीति-रिवाजों से दोनों की शादी कराई और संजय दमयंती को लेकर हरियाणा के हिसार चला गया। करीब 11 महीने तक दोनों हिसार में साथ रहे, लेकिन इस बीच चित्रा को अपने पति पर शक हुआ। जब उसने संजय का मोबाइल चेक किया तो उसे सच्चाई का पता चला कि उसका पति दमयंती के साथ रह रहा है। इसके बाद चित्रा और संजय ने मिलकर दमयंती से छह लाख रुपये ऐंठे और उसे छोड़कर फरार हो गए। दमयंती ने वापस आकर सकरी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह पूरा मामला सुनियोजित धोखाधड़ी का है, जिसमें चित्रा और संजय ने मिलकर पहले शादी कराई, फिर पैसे ऐंठकर भाग गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS