Explore

Search

April 22, 2026 10:12 am

 *देश के सबसे बड़े छठ घाट मे दो दिन बाद छठ पर्व की रहेगी धूम, कलेक्टर – एसपी ने लिया छठ घाट की तैयारियों का जायज़ा,सुरक्षा, पार्किंग सहित तमाम व्यवस्था सुनिश्चित करने दिए निर्देश*

बिलासपुर 03नवम्बर 2024/कलेक्टर अवनीश शरण और एसपी रजनेश सिंह ने आज अरपा नदी के किनारे  तोरवा में  बने छठ घाट का दौरा कर छठ पूजा के लिए की जा रही तैयारियों का जायज़ा लिया। तोरवा छठ घाट को देश का सबसे बड़ा छठ घाट माना जाता है।  कलेक्टर ,एस पी ने मौके पर की जा रही तैयारियों को देखा। छठ पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा समझी । उन्होंने पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित अधिकारियों को बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत ना हों। कलेक्टर ने सुरक्षा, साफ़ – सफाई और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। आयोजकों के अनुसार छठ पूजा के अवसर पर लगभग 50 हजार श्रद्धालु घाट पर पूजा के लिए जुटते हैं। कलेक्टर ने घाट स्थल पर सीसीटीवी से निगरानी सहित अग्निशमन और एंबुलेंस सेवा भी मौके पर तैनात रखने के निर्देश दिए। नगर निगम कमिश्नर अमितकुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष  वीएन झा ने बैठक में कलेक्टर को बताया कि छठ व्रतियों के लिए छठ घाट की सफाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 5 नवम्बर को नहाये खाये से व्रत प्रारम्भ होगा और 06 नवम्बर को व्रति अपने अपने घरो में खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। 07 नवम्बर को छठ माता की पूजा करते हुए भगवान सूर्य को संध्या का अर्घ्य देंगे। 08 नवम्बर को प्रातः पुनः उगते सूरज को अर्घ्य देकर व्रति अपना व्रत पूरा करेंगे। व्रत के लिए खरीदारी का काम भी चल रही है। सूपा,टुकना,फल,फुल की खरीदारी 6 एवं 7 नवम्बर को करेंगे। छठ का बाजार सज चुका है। उन्होंने बताया कि छठ पूजा समिति प्रति वर्ष छठ पूजा का प्रारंभ माता अरपा की महाआरती से प्रारंभ करती है। समिति के अध्यक्ष ने बताया की विगत 15 वर्षो से लगातार माता अरपा की महा आरती करने का उद्देश्य माता आरपा को पर्यावरण की दृष्टिकोण से स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाये रखना ही मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टर व एसपी ने भी जीवनदायिनी अरपा को प्रदुषण मुक्त रखे, स्वच्छ रखे, पूजा का सामान या कोई भी अन्य सामान जिसमें प्लास्टिक या कचरा हो उसे प्रवाहित न करने की अपील की है।
इस अवसर पर छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष वीएन झा सहित प्रवीण झा, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विजय ओझा, बृजेश सिंह, रोशन सिंह, अमरेंद्र कंठ, राम प्रताप सिंह, धनंजय झा, सुधीर झा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं छठ पूजा समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे। छठ पूजा समिति की ओर से कलेक्टर एसपी का शाल श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS