Explore

Search

October 24, 2026 9:22 pm

यातायात के 13 जवान सम्मानित, 28 किलो गांजा पकड़ने से लेकर वाहन चोरों की गिरफ्तारी तक में निभाई अहम भूमिका,पुलिस कमिश्नर ने की सराहना

CBN36 रायपुर। यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराधियों की धरपकड़ में उल्लेखनीय योगदान देने वाले यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यातायात पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर छह अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 28 किलो गांजा बरामद किया। वहीं, चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद करने के साथ ई-रिक्शा चोरों और एक पॉकेटमार को भी पकड़ा।

इस्कॉन मंदिर के पास पकड़े गए गांजा तस्कर

15 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका यातायात थाने में पदस्थ आरक्षक दबीर खान को इस्कॉन मंदिर के पास बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक महिला और पुरुष की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो तीन बैगों से करीब 28 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों को आमानाका थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

चेकिंग में चोरी की तीन बाइक बरामद

यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं। 15 अक्टूबर को तेलीबांधा में आरक्षक नंदन झा और संजय पांडेय ने संदिग्ध चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक छोड़कर भाग गया। जांच में वाहन डोंगरगांव से चोरी का निकला।

17 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका चौक पर सउनि दीपेश सिन्हा और आरक्षक नरसिंह देहरी ने संदिग्ध नंबर प्लेट वाली बाइक पकड़ी। जांच में वाहन राखी थाना क्षेत्र से चोरी का पाया गया। वहीं, 19 अक्टूबर को कमल विहार चौक पर बिना नंबर प्लेट की बाइक छोड़कर भागे चालक के मामले में जांच से वाहन के टिकरापारा थाना क्षेत्र से चोरी होने का पता चला। तीनों वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया।

चोरी का ई-रिक्शा ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार

18 अक्टूबर की रात रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास ड्यूटी कर रहे यातायात जवानों को ई-रिक्शा चोरी होने की सूचना मिली। जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर संजय गांधी चौक के पास चोरी का ई-रिक्शा ले जा रहे अमर कुमार बेहरा और अजय टांडी को पकड़ लिया। दोनों आरोपी टिकरापारा क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों और वाहन को कार्रवाई के लिए गंज थाना पुलिस के हवाले किया गया।

दशहरा मेले में पॉकेटमार रंगे हाथों पकड़ा

20 अक्टूबर को रावणभांटा दशहरा मैदान में बस स्टैंड गेट नंबर एक के पास तैनात क्यूआरटी-4 के प्रधान आरक्षक कृपा शंकर सरोज और आरक्षक विशाल सोरी ने लोगों से मिली सूचना पर कार्रवाई की। जवानों ने मोबाइल और नकदी चोरी कर रहे एक पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़कर टिकरापारा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस कमिश्नर ने की सराहना

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस का प्राथमिक दायित्व सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है, लेकिन ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को पहचानकर अपराधों की रोकथाम करना पुलिसिंग के उच्च मानकों को दर्शाता है। ऐसी सजगता पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणादायी है।

सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS