Explore

Search

October 24, 2026 8:39 pm

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को बनेगी नई रणनीति, त्योहारों पर भीड़ प्रबंधन पर जोर

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा पर जोर, रेलमदद से जुड़ेंगे जीआरपी कर्मी

CBN36 नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से आयोजित जीआरपी प्रमुखों का आठवां अखिल भारतीय सम्मेलन 23 अक्टूबर को नई दिल्ली में संपन्न हुआ। सम्मेलन में रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, आसूचना आधारित पुलिसिंग, त्योहारों में भीड़ प्रबंधन और आरपीएफ, जीआरपी व राज्य पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।

आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जीआरपी प्रमुख शामिल हुए।

रेलमदद से होगा शिकायतों का त्वरित निराकरण

सम्मेलन में जीआरपी कर्मियों को रेल सूचना प्रणाली केंद्र (क्रिस) के माध्यम से रेलमदद प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की गई। इससे यात्रियों की शिकायतों का बेहतर निराकरण, समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान और शिकायतों की निगरानी आसान होगी।

ड्रोन से निगरानी, महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

दक्षिण मध्य रेलवे की ओर से ‘पिंक पेट्रोल’ पहल प्रस्तुत की गई। इसके तहत ड्रोन निगरानी और त्वरित कार्रवाई दलों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। वहीं, रेलवे पटरियों के आसपास रहने वाले बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए मध्य रेलवे के पुणे मंडल की ‘प्रोजेक्ट दिशा’ पहल की जानकारी दी गई।

त्योहारों में भीड़ प्रबंधन की तैयारी

दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्रिम योजना, सीसीटीवी निगरानी, सार्वजनिक उद्घोषणा, बैरिकेडिंग और विशेष नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था पर चर्चा हुई। दिल्ली मंडल ने दिल्ली पुलिस, जीआरपी और मेट्रो के साथ समन्वय से किए गए इंतजामों की जानकारी साझा की।

पत्थरबाजी और अपराधों पर अंकुश लगाने की रणनीति

ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने, निगरानी मजबूत करने, दोषियों पर कार्रवाई और युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा संयुक्त प्रशिक्षण, तोड़फोड़ की रोकथाम, नशीले पदार्थों से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और डिजिटल साक्ष्यों के बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा हुई।

सम्मेलन में रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं सीईओ ने यात्रियों का भरोसा जीतने के लिए तकनीक, नवाचार और पेशेवर पुलिसिंग को जरूरी बताया। वहीं, आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने रेलवे सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए आसूचना आधारित पुलिसिंग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल को महत्वपूर्ण बताया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS