
ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे गांजे की खेप, पुलिस को चकमा देने के लिए आगे चल रही थी पायलट कार; 25.41 लाख रुपये का माल जब्त
CBN36 बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत सिमगा पुलिस ने एनएच-130 पर कार्रवाई कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से 30 किलो 430 ग्राम गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन सहित कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है।
एसपी गौरव राय के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सिमगा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करों ने पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने और रास्ते में चेकिंग से बचने के लिए स्विफ्ट कार के आगे बलेनो कार को पायलट वाहन के रूप में लगा रखा था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सिमगा ओवरब्रिज और एनएच-130 पर नाकेबंदी की। पुलिस को सामने देखकर दोनों वाहनों के चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान ग्राम दामाखेड़ा में खुशी वाटिका के पास गांजे से भरी स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों में सवार सात आरोपियों को पकड़ लिया।
पत्रकार के सहायक और कथित चिकित्सक की भूमिका भी आई सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा कथित ग्रामीण चिकित्सक के रूप में काम करता था। आरोप है कि आरोपी अपनी पहचान और संपर्कों की आड़ में पुलिस की जांच से बचने की कोशिश करते थे। प्रारंभिक जांच में गिरोह के ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज में खपाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों और खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
15 पैकेट में मिला गांजा, दो कारें जब्त


एसपी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 पैकेट में रखा 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 21 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन लाख 50 हजार रुपये की स्विफ्ट कार, छह लाख रुपये की बलेनो कार और करीब 70 हजार रुपये के छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपये है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना जारी है और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ये सात आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में विनीत कुमार भारती (29), करन कनौजिया (23), सुनील कुमार भारती (22), सुखलेन्द्र कुमार नट (35) और राजेंद्र गुप्ता (42), सभी जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इनके अलावा शिवशंकर बिन्द (26) और अनिल कुमार बिन्द (39), निवासी पावरी, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्रधान संपादक