Explore

Search

October 20, 2026 1:25 am

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने गरबा के मंच से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

जशपुर में 1500 बच्चों ने दी गरबा-डांडिया की प्रस्तुति, 40 हेलमेट बांटे, प्रमिला यादव को मिली स्कूटी

CBN36 जशपुर। नवरात्रि के अवसर पर जशपुर के श्री हरि कीर्तन भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की पहल और जशपुर पुलिस के सहयोग से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। महोत्सव में करीब 1500 बच्चों और युवाओं ने गरबा-डांडिया की प्रस्तुति दी। इस दौरान कलाकारों ने हेलमेट पहनकर गरबा किया और लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में गायिका तत्सा गुप्ता ने हेलमेट और यातायात सुरक्षा पर आधारित जागरूकता गीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक आयोजन के बीच सड़क सुरक्षा का संदेश लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

40 हेलमेट बांटे, प्रमिला यादव को मिली स्कूटी

महोत्सव के दौरान कुल 40 हेलमेट वितरित किए गए। इनमें संस्कृति सिल्क के अंशुल साय की ओर से 30 और जशपुर पुलिस की ओर से 10 हेलमेट दिए गए। वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रमिला यादव को उपहार स्वरूप स्कूटी प्रदान की गई।

हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी : एसएसपी

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि त्योहारों का असली आनंद तभी है, जब हम और हमारा परिवार सुरक्षित रहें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

उन्होंने अक्स टीम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देना सराहनीय है। कार्यक्रम में शामिल बच्चे जब इस संदेश को अपने घरों तक पहुंचाएंगे, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्येंद्र सिंह, कृष्ण कुमार राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी केआर चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी खेमराज ठाकुर, चिंटू गुप्ता, सुनील सोनी, संजय सोनी, संजय सिंह, सातु सोनी सहित अक्स टीम के सदस्य, पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS