पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर अजय ने अपनाई ऑयल पाम की खेती, बेहतर भविष्य की रखी नींव
उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से लहलहा रहे ऑयल पाम के पौधे, दूसरे किसानों को भी मिल रही प्रेरणा
CBN36 बिलासपुर, 17 अक्टूबर 2026।खेती में नई तकनीकों और फसल विविधीकरण को अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जिले के ग्राम घोंघाडीह, गनियारी निवासी किसान श्री अजय कुमार गुप्ता ने भी पारंपरिक खेती के साथ ऑयल पाम की खेती अपनाकर बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाया है। उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–ऑयल पाम योजना के सहयोग से उन्होंने अपने खेत में वैज्ञानिक पद्धति से ऑयल पाम के पौधे लगाए हैं। उनके इस प्रयास से क्षेत्र के अन्य किसानों को भी खेती में नवाचार अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
श्री गुप्ता ने बताया कि भविष्य में आय के नए स्रोत विकसित करने के उद्देश्य से उन्होंने ऑयल पाम की खेती शुरू की। इसके लिए उद्यानिकी विभाग से आवश्यक तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया। पौधारोपण से पहले खेत की समुचित तैयारी की गई। पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए टपक सिंचाई, नियमित उर्वरक प्रबंधन और पौध संरक्षण के उपाय अपनाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने समय-समय पर खेत का निरीक्षण कर आवश्यक सलाह दी, जिससे पौधों का विकास संतोषजनक रहा है। आज श्री गुप्ता के खेत में ऑयल पाम के पौधे अच्छी तरह विकसित हो रहे हैं। सुव्यवस्थित खेती और वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग से उन्हें भविष्य में बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में ऑयल पाम से अच्छी उपज प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि करना है। उनके इस प्रयास से आसपास के किसानों में भी ऑयल पाम की खेती के प्रति रुचि बढ़ रही है।
श्री गुप्ता का कहना है कि पर्याप्त सिंचाई, वैज्ञानिक तकनीक और विभागीय मार्गदर्शन के साथ ऑयल पाम की खेती किसानों के लिए दीर्घकालीन आय का अच्छा माध्यम बन सकती है। उन्होंने खेती में नई संभावनाओं को तलाशने के लिए किसानों को आधुनिक तकनीकों और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–ऑयल पाम योजना के माध्यम से किसानों को परंपरागत खेती के साथ वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। श्री गुप्ता की पहल इस बात का उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान भविष्य में अपनी आय बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास कर सकते हैं।
प्रधान संपादक