Explore

Search

October 10, 2026 10:00 pm

मड़वा ताप विद्युत संयंत्र ने एक दिन में सर्वाधिक बिजली उत्पादन का बनाया रिकॉर्ड

100.96 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 8 अक्टूबर को 24.230 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन कर रचा नया कीर्तिमान

CBN36 जांजगीर।छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र (एबीवीटीपीएस), मड़वा ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संयंत्र ने 8 अक्टूबर 2026 को 100.96 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) के साथ 24.230 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इससे पहले संयंत्र ने 12 जनवरी 2018 को 100.94 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 24.226 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था। इस प्रकार मड़वा संयंत्र ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए एक दिन में सर्वाधिक बिजली उत्पादन की उपलब्धि हासिल की है।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री एस.के. कटियार ने मुख्य अभियंता श्री रजनीश जांगड़े सहित अभियंताओं और कर्मचारियों को बधाई दी तथा उनके अथक प्रयासों की सराहना की।

मड़वा ताप विद्युत संयंत्र में प्रदेश सरकार की 500-500 मेगावाट क्षमता वाली दो आधुनिक विद्युत इकाइयां संचालित हैं। संयंत्र की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता श्री रजनीश जांगड़े ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में मड़वा संयंत्र ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

उन्होंने बताया कि संयंत्र की 500 मेगावाट क्षमता वाली इकाई क्रमांक-2 ने फरवरी 2024 में एक दिन में 102.74 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 12.328 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था। इसी इकाई ने 31 दिसंबर 2024 को लगातार 248 दिनों तक बिजली उत्पादन कर निरंतर संचालन का कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2023-24 में संयंत्र ने 84.11 प्रतिशत पीएलएफ के साथ 7,388.541 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन कर सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था।

मुख्य अभियंता श्री जांगड़े ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में इकाई क्रमांक-1 ने भी 29 नवंबर 2023 को लगातार 178 दिनों तक बिजली उत्पादन करने की उपलब्धि हासिल की थी। इसके अतिरिक्त, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में जनवरी 2018 की तुलना में संयंत्र की दैनिक सहायक विद्युत खपत में 0.39 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में मड़वा संयंत्र ने 16 फरवरी 2024 को ही 6,429.74 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का आंकड़ा हासिल कर लिया था, जो निर्धारित समय से 44 दिन पहले अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की उपलब्धि थी।

मुख्य अभियंता श्री रजनीश जांगड़े ने इस सफलता का श्रेय प्रबंध निदेशक श्री एस.के. कटियार, कार्यपालक निदेशक (संचालन एवं संधारण) श्री सी.एल. नेताम तथा मुख्यालय रायपुर से प्राप्त मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि मड़वा संयंत्र के अभियंताओं और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण तथा सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है।

श्री जांगड़े ने विश्वास जताया कि इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ टीम भविष्य में भी विद्युत उत्पादन कंपनी की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयासों का ही परिणाम है कि संयंत्र निर्बाध रूप से बिजली उत्पादन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS